जनपद में चुनावी अभियान जोरो पर है उसी क्रम में केन्द्रीय जहाज रानी मंत्री नितिन गडकरी ने पथरदेवा के आचार्य नरेन्द्र देव इण्टर कालेज में देवरिया लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी डा.रमापति राम त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किए.
गडकरी ने कहा कि पांच साल में हमारी सरकार ने जो काम किया, कांग्रेस वह 50 साल में नहीं कर पाई। यह सब आपके सामने है। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन का नाम लिए बिना कहा कि जो एक-दूसरे को नमस्कार नहीं करते थे, हंसते थे। वे आज दोस्त बन गए हैं। आज गले में गला डालकर घूम रहे हैं। फिल्मी गाना के जरिए तंज कसते हुए कहा कि जब भी जी चाहे नई दुनिया बसा लेते हैं लोग, एक चेहरे पर कई चेहरे लगा लेते हैं लोग।
उन्होंने कहा कि गंगा को साफ करने की बात राजीव गांधी ने 1984 गंगा सफाई अभियान की शुरूआत की थी लेकिन गंगा साफ नहीं हो सकी। हमारी सरकार अब गंगा के साथ ही उसकी सहायक नदियों को भी साफ कर रही है। गंगा को 30 फीसदी साफ कर दिया गया है और मार्च 2020 तक शत प्रतिशत गंगा को साफ कर अविरल-निर्मल कर दिया जाएगा।
उन्होंने गन्ना किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गन्ने और पराली से एथेनाल बनाया जाएगा। इससे गन्ना किसानों की आर्थिक दशा सुधरेगी।
गांव, गरीब, किसान, मजदूर का कल्याण कैसे हो, देश सुखी, समृद्ध, संपन्न कैसे हो, शक्तिशाली कैसे बने, दुनिया में हम सुपर इकोनामी पावर कैसे बनें, देश की जनता को गरीबी से मुक्ति कैसे मिले, नौजवानों के हाथों को काम कैसे मिले, हम इसकी चिता करते हैं। देश में किसी बात की कमी नहीं है। पानी की न जमीन की। कमी है तो अच्छे नेतृत्व की, अच्छी नीतियों की व सही क्रियान्वयन की। मोदी के नेतृत्व में यह हमने कर दिखाया।
देवरिया टाइम्स की खबरों का अपडेट मोबाइल पर पाने के लिए,अपने व्हाट्सएप्प से DT लिखकर 7007812095 पर भेजें,इसके अलावा आप हमारे फेसबुक पेज देवरिया टाइम्स को लाइक करके भी हमारे साथ जुड़ सकतें है,और अपडेट पा सकतें हैं.