देवरिया टाइम्स
डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि शासन की ओर से होम आइसोलेट मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए मरीजों के परिजनों को आधार का ब्योरा और मोबाइल नंबर अधिकारियों के पास दर्ज कराना होगा। इसके बाद उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसके साथ ही सिलेंडरों का चिह्निकरण भी होगा। देवरिया सदर तहसील में ऑक्सीजन सिलेंडरों को रखने का जगह निर्धारित किया गया है।
डीएम ने दूर दराज के क्षेत्रों में मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर दिये जाने के लिए विकेंद्रीकरण के निर्देश दिये हैं। इसके तहत तहसील सलेमपुर, रुद्रपुर में भी स्थान निर्धारित करते हुए यह सुविधा प्रारम्भ होगी। शासन के निर्देश पर जनपद में होम आइसोलेट मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए देवरिया सदर तहसील में शनिवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन कुवर पंकज ने निरीक्षण किया। प्रभारी अधिकारी होम आइसोलेशन, ऑक्सीजन सिलेंडर आपूर्ति धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार ने बताया कि 14 मई को कुल 5 मरीजों को नियमानुसार ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। वहीं 15 मई को कुल 2 मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर दिये गये।