देवरिया टाइम्स
देवरिया में मुर्गी फार्म मालिक सुभाष सिंह की गोली मारकर हत्या रोडरेज में हुई थी। एसओजी टीम और पुलिस ने रविवार को दो बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल ने घटना का खुलासा किया।
खामपार थाना क्षेत्र के राजपुर गांव के रहने वाले सुभाष सिंह(60) पुत्र बच्चा सिंह 3 जुलाई की शाम को चकिया कोठी चौराहे पर पान खाने बाइक से गए हुए थे। वापस आते समय सामने से आ रही दूसरी बाइक ने ठोकर मार दिया। इस बात को लेकर दोनों सवारों में विवाद हो गया। इसी दौरान दूसरी बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने सुभाश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।

एएसपी ने बताया कि रविवार को मुखबिर ने अभियुक्तों के बारे में एसओजी और पुलिस को सूचना दी। एसओजी टीम ने भवानीछापर बिहार बार्डर पुलिया के पास से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान शैलेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा पुत्र चन्द्रमा सिंह निवासी कवई थाना मीरगंज जनपद गोपालगंज बिहार और अभिषेक कुमार सिंह कुशवाहा पुत्र रामेश्वर सिंह कुशवाहा निवासी परगसहा थाना खामपार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
लूट में भी रहे हैं शामिल
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश शातिर लुटेरे हैं। बदमाशों ने बताया कि फरवरी 2020 में खामपार थाना के चकिया कोठी के पास लूट के इरादे से एक व्यक्ति को गोली मार दिया था। जिससे वह घायल हो गया था। गिरफ्तार अभियुक्त शैलेन्द्र कुशवाहा के पास से एक तमन्चा, दो जिन्दा कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ।